विद्युत केबल युवक के ऊपर गिरी, मौत
- फोटो : अमर उजाला
गांव बड़ा कुर्रा निवासी युवक की विद्युत केबल टूटकर गिरने से मौत हो गई। युवक का आठ दिन पूर्व ही विवाह हुआ था। घटना के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
थाना नगला सिंघी के गांव बड़ा कुर्रा निवासी मुरारीलाल के 20 वर्षीय पुत्र राजू का भरतपुर के गांव विछामई निवासी बच्चू सिंह की पुत्री राजेंद्री के साथ 29 अप्रैल को विवाह हुआ था। विवाह के बाद मुरारीलाल के घर में खुशियों का दौर चल रहा था। शादी के बाद कुछ रिश्तेदार चले गए थे तो कुछ रुके हुए हैं। सोमवार को राजेंद्री को विदा कराने के लिए उसके मायके पक्ष के लोगों को आना था लेकिन उससे पहले ही घर में व्याप्त खुशियां मातम में बदल गईं। बताते हैं कि राजू शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे घर से शौच के लिए निकला था। तभी विद्युत डीपी से घर के लिए आ रही केबल फाल्ट के चलते जल गई और राजू के ऊपर जा गिरी। राजू को करंट लगते ही आसपास के लोग पहुंच गए। पहले उसे टूंडला के डाक्टरों के पास ले जाया गया वहां से उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा में चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
हर आंख में था आंसू
शादी के मात्र आठ दिन बाद ही राजू की मौत होने से परिवारीजनों का बुरा हाल था। पत्नी राजेंद्री सुध बुध खो बैठी थी। करुण क्रंदन और चीखपुकार से माहौल गमगीन था। लोग अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। गांव की महिलाएं राजेंद्री को संभाल रही थीं।