फिरोजाबाद। पार्षदों के मुंडन प्रकरण के बाद उपजे गतिरोध को थामने की कोशिशें निगम के अंदरखाने में शुरू हो गईं हैं। सोमवार को महापौर के कैंप कार्यालय पर भाजपा पार्षदों की बैठक में आपसी गिले शिकवे दूर कराने को कोशिशें हुईं।
बृहस्पतिवार को निगम परिसर में भ्रष्टाचार के विरोध में मुंडन कराने के दौरान के दो कर्मचारियों ने पार्षद नीटू शर्मा के साथ अभद्रता कर दी थी। पार्षद के साथ हुई अभद्रता के विरोध में दो अन्य पार्षदों मुनेंद्र यादव और पार्षद शशि के प्रतिनिधि पंकज ने भी निगम परिसर में मुंडन कराया था। इसके बाद से निगम बोर्ड के अंदरखाने का पारा गर्मा गया था। सोमवार को महापौर कामिनी राठौर ने आपसी विरोध को थमाने की कोशिश की।
उन्होंने अपने कैंप कार्यालय पर भाजपा समर्थित पार्षदों की बैठक बुलाई। आपसी विचार विमर्श हुआ। बैठक में मौजूद सूत्रों की माने तो पार्षद नीटू शर्मा के साथ हुई अभद्रता के मामले में निगम के ठेका कर्मचारी को हटा दिया गया है। हालांकि अभी किसी अधिकारी ने इस बाबत कोई टिप्पणी नहीं की। बैठक में पार्षद पूनम शर्मा,मुनेंद्र यादव, उप सभापति विजय शर्मा, सुनील वर्मा, देशदीपक यादव, सुनील मिश्रा के मौजूद होने बात कही जा रही है। जबकि पूर्व उप सभापति श्याम सिंह यादव और ऊषा शंखवार और पार्षद शशि यादव के बैठक में उपस्थित नहीं होने की बात प्रत्यक्षदर्शियों ने कही।
पार्षदों की समस्या को जानने के लिए बैठक बुलाई थी। पार्षदों की समस्या के त्वरित निदान के लिए जरूरी प्रयास व कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - कामिनी राठौर, महापौर