होली के बाद अब परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गए हैं छात्र
होली के हुड़दंग के बाद अब परीक्षाओं का माहौल शुरू हो गया। डा. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं कई बार निरस्त होने के बाद अब 28 मार्च से शुरू हो रही हैं। नई स्कीम भी जारी हो चुकी है। ऐसे में छात्र-छात्राएं तैयारियाें में जुट गए हैं।
यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं के कई बार निरस्त होने के कारण छात्र-छात्राएं निराश हो गए थे। लेकिन होली की मस्ती के बाद अब परीक्षाओं का रंग फिर से चढ़ने लगा है। शुक्रवार को छात्र छात्राएं परीक्षा की तैयारियों में जुटे रहे। परीक्षा में सिर्फ आज का दिन शेष हैं, इसलिए होली की छुट्टी के बाद परीक्षाओं की तैयारियों के लिए कालेज भी आज से खुल जाएंगे। एमजी गर्ल्स डिग्री कालेज की प्राचार्या डा. निर्मला यादव ने बताया कि परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ कहना संभव नहीं कि इस बार परीक्षाएं हो ही जाएं।
अभी तक तैयार नहीं किया सचल दल
भले ही परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होनी हों, लेकिन तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। ओटा अध्यक्ष डा. वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कोई सचल नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के माहौल को देखकर कोई सचल दल जाने को तैयार भी नहीं हैं। मगर ओटा नकल माफियाओं के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगा।