फिरोजाबाद। दुष्कर्म का शिकार हुई कार सवार युवती की मेडिकल रिपोर्ट न आने के कारण बृहस्पतिवार को पुलिस बयान दर्ज नहीं करा सकी। पुलिस ने युवती को फिरोजाबाद में रहने वाले रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी अभी हाथ नहीं आया है।
जालौन जिले की रहने वाली युवती चार फरवरी को घर जाने के लिए मथुरा में वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी वहां एक कार आकर रुकी और युवती मां के साथ कार में सवार हो गई। आरोप है कि कार चालक ने मां - बेटी को नशीला पानी पिलाकर बेहोश कर दिया। आरोपी कार चालक ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और दोनों को नारखी क्षेत्र के गांव बैंदी के समीप सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
मंगलवार को परिजन के साथ नारखी थाने पहुंची मां-बेटी ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। मंगलवार रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुधवार को युवती का सरकारी अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया था। बृहस्पतिवार को मेडिकल जांच की रिपोर्ट न आने के कारण पुलिस युवती के बयान दर्ज नहीं करा सकी। थानाध्यक्ष नारखी प्रदीप कुमार का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट समय से न आने के कारण युवती के बयान दर्ज नहीं हो सके है। युवती को उसके रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया है। रिश्तेदार फिरोजाबाद में निवास करते हैं। शुक्रवार को युवती की रिपोर्ट आने के बाद बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।