फिरोजाबाद। बुधवार रात को महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। नगर निगम द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में दो माह पहले ही महिला की शादी हुई थी। बुधवार सुबह उसकी तबियत खराब हुई थी।
नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी भगवत निवासी पुष्पा का विवाह करीब दो माह पूर्व लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी सुनील के साथ हुआ था। थानाध्यक्ष लाइनपार आजादपाल सिंह ने बताया कि महिला की बुधवार सुबह तबियत खराब हुई थी। परिजन उसको उपचार को सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उपचार को आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर पर परिजन शव को लेकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर आए। अस्पताल कर्मचारियों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। महिला की मौत की खबर उसके मायके वालों को दी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। महिला का विवाह दो माह पूर्व नगर निगम द्वारा आयोजित कराए गए सामूहिक विवाह समारोह में हुआ था। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजन द्वारा तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।