टीईटी परीक्षा : तीन जोनल और 12 सेक्टर में बांटे परीक्षा केंद्र
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर लीक होने के चलते 28 नवंबर को स्थगित हुई परीक्षा 23 जनवरी को 34 केंद्रों पर होगी। जिले को तीन जोनल और 12 सेक्टर में बांटा गया है। इन पर मजिस्ट्रेट की तैनाती जिलाधिकारी की ओर से की गई है। परीक्षा में गड़बड़ी न हो, इसलिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रशासन और शिक्षा विभाग के अलग-अलग पर्यवेक्षक लगाए गए हैं।
जिले में 34 केंद्रों पर करीब 28 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली में प्राइमरी स्तर की परीक्षा में 17320 परीक्षार्थी और दोपहर की पाली में में 11,030 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी लखनऊ से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से होगी। डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि कोविड नियमों का ध्यान रखा जाएगा।
इन बातों का रखें ध्यान
अपने साथ प्रवेश पत्र लेकर जाएं, ऑनलाइन आवेदन में अंकित पहचान पत्र की मूल प्रति के साथ प्रशिक्षण योग्यता का प्रमाणपत्र या किसी भी सेमेस्टर के अंकपत्र की मूल प्रति। परीक्षा शुरू होने के बाद यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचता है तो परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए निर्धारित समय से पूर्व ही परीक्षा केंद्र जाएं। परीक्षार्थी अपने साथ एक क्लिपबोर्ड लेकर जाएं जिस पर कुछ न लिखा हो।-परीक्षा केन्द्रों के 200 गज की परिधि में धारा 144 लागू की जाएगी। इस परिधि में परीक्षा से संबंधित लोगों को छोड़कर अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी।