फिरोजाबाद ! टेट परीक्षा स्थापित किए जाने के बाद लगाई गई सूचना का फोटो करते परीक्षार्थी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शिक्षक पात्रता परीक्षा के निरस्त होने की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर निराशा नजर आई। परीक्षार्थियों ने इसे शासन-प्रशासन की नाकामी बताया। परीक्षार्थियों की मानें तो लंबे समय से परीक्षा की तैयारी में जुटे थे और ऐन वक्त पर परीक्षा निरस्त होने की घोषणा ने उन्हें हतोत्साहित कर दिया।
शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 में प्रतिभाग करने के लिए सुहागनगरी में दूरदराज से अभ्यर्थी शनिवार रात से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। अभ्यर्थियों ने प्रथम पाली में परीक्षा दी और चेहरों पर मुस्कान लेकर परीक्षा केंद्रों से बाहर आए। हालांकि कुछ ही देर में परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिलते ही उनके चेहरों पर छाई मुस्कान निराशा में बदल गई।
लंबे समय से पात्रता परीक्षा की तैयारी में जुटे भावी शिक्षकों ने परीक्षा निरस्त किए जाने की घोषणा पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त कीं। अभ्यर्थियों के अनुसार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होना शासन-प्रशासन की बड़ी चूक है। इसका खामियाजा बेगुनाह अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है। कुछ अभ्यर्थी भविष्य में होने वाली परीक्षा के प्रति भी बेहद आशंकित नजर आए।
---
टीईटी परीक्षा देने आये प्रतिभागियों की बातचीत-
- इस बार टीईटी में शत प्रतिशत सफलता की उम्मीद थी लेकिन प्रथम पाली की परीक्षा के बाद परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिलते ही मन खराब हो गया। पादर्शिता व शुचिता के साथ परीक्षा कराने का काम शासन-प्रशासन का है और टेंशन हमें भुगतनी पड़ रही है।
सत्येद्र सिंह बटेश्वर क्षेत्र नगला खंगर
- सच्चाई व ईमानदारी के साथ परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ कुठाराघात हुआ है। इससे छात्र हतोत्साहित हुए हैं। तीन-चार माह से परीक्षा की तैयारी मेें जुटे थे। सब मेहनत बेकार हो गई। अब दोबारा तैयारी करनी पड़ेगी।
शालिनी सिंह शिकोहाबाद
- केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा कक्ष में बैठने तक प्रशासन बेहद सख्ती दिखाता है लेकिन परीक्षा लीक कराने अथवा करने वालों पर शासन-प्रशासन नकेल नहीं कस सका। सैकड़ों-हजारों छात्र परीक्षा की तैयारी से लेकर केंद्रों तक पहुंचने के लिये पैसा खर्च करते हैं। अब दोबारा परीक्षा किस माहौल में होगी? चिंता सता रही है।
सत्यप्रकाश शिकोहाबाद