मृतक गुलशन का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
- फोटो : मृतक गुलशन का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोढ़ा तिराहा के पास मंगलवार को बालाजी दर्शन के लिए जा रहे तीन किशोरों की बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई, जिससे तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान एक किशोर की मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।
आसफाबाद स्थित राठौर नगर गली नंबर-2 (थाना रसूलपुर) निवासी 17 वर्षीय गुलशन मंगलवार सुबह अपने फुफेरे भाई प्रिंस (16) और दोस्त आशिक के साथ बाइक पर सवार होकर शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहा था। बाइक प्रिंस चला रहा था और उसने हेलमेट भी लगा रखा था। जब वे मोढ़ा तिराहा के पास पहुंचे, तो फिरोजाबाद की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों घायलों को तत्काल जिला ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए गुलशन को आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि उसके फुफेरे भाई प्रिंस और दोस्त आशिक को वार्ड में भर्ती कर लिया गया। परिजन गुलशन को लेकर आगरा पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया। मृतक गुलशन तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में किशोर की मृत्यु हुई है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।