मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में फंदा लगने से मौत हो गई। जबकि परिजन पड़ोसी युवक पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं पड़ोसी युवक परिवार के साथ फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव जरारी बघेल निवासी अन्नू (16) पुत्री रामप्रकाश की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में फंदा लगने से मौत हो गई। घटना के समय किशोरी घर पर अकेली थी। माता-पिता दोनों ही घर पर नहीं थे। किशोरी के पिता रामप्रकाश ने बताया कि किशोरी घर पर अकेली थी। तभी पड़ोसी युवक घर में घुस आया। उसकी हरकतों का विरोध किशोरी ने किया, जिसमें किशोरी के हाथ में चोट भी आई हैं। विरोध करने पर किशोरी को फंदे पर लटका दिया।
वारदात को अंजाम देकर युवक परिवार सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी शिवकुमार चौहान ने बताया कि परिजन द्वारा तहरीर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले में फिलहाल जांच की जा रही है।