फिरोजाबाद। जीएसटी विभाग द्वारा गत दिवस की गई सर्वे की कार्रवाई के बाद शहर के औद्योगिक आस्थान में संचालित एक कांच इकाई में लाखों की कर चोरी का मामला पकड़ में आया है। इकाई संचालक पर करीब 38 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
रविवार को जीएसटी विभाग के अफसरों की टीम ने नगला भाऊ के समीप ढोलपुरा रोड स्थित चंद्रभान-अनिल कुमार ग्लास वर्क्स में सर्वे की कार्रवाई की। दोपहर दो बजे से शुरू हुई कार्रवाई देर रात दो बजे तक चली। इस दौरान इकाई में रखे कच्चे व तैयार माल का स्टॉक जांच के साथ ही अन्य जीएसटी से जुडीं अन्य पत्रावली को खंगाला गया। सर्वे कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने इकाई संचालक द्वारा बोगस फर्म के जरिए कच्चे माल की खरीद में गड़बड़ी, दर्शाए स्टॉक के सापेक्ष मौके पर कम स्टॉक मिलने जैसी गंभीर वित्तीय अनियमिताएं पकड़ी। मामले में संचालक पर अवशेष जीएसटी शुल्क जमा कराने के साथ ही जुर्माना के रूप में 38 लाख रुपये का कर निर्धारण किया है। संयुक्त आयुक्त जीएसटी श्याम प्रसाद के निर्देशन में हुई कार्रवाई में उपायुक्त उत्तम तिवारी, ओमप्रकाश, आनंद सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर सतीश कुमार अरविंद कुमार, सीटीओ नंदकिशोर शर्मा, मदनपाल, भंवर सिंह, सर्वेश कुमार एवं बृजेद्र सिंह आदि शामिल रहे।