उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना दक्षिण क्षेत्र में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे छात्र की पेमेश्वर गेट के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा होते ही काफी लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ करके जानकारी जुटाई। खबर मिली तो परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।
थाना लाइनपार के मोहल्ला श्याम नगर निवासी राज मिश्रा (21) कक्षा 12 का छात्र था। वह मटसेना रोड स्थित बलवंत सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ता था। शुक्रवार शाम आसफाबाद निवासी शिक्षक के यहां से ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहा था। दक्षिण क्षेत्र पेमेश्वर गेट स्थित दाल मिल के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था।
उसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इधर छात्र के घर न पहुंचने पर उसकी खोजबीन में जुटे परिजनों को जब ट्रेन हादसे के संबंध में जानकारी मिली तो वह भी अस्पताल पहुंच गए।
परिजन ने उसकी शिनाख्त राज मिश्रा के रूप में की। शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। थाना प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से छात्र की मौत हुई थी। इसकी शिनाख्त परिजन ने अस्पताल जाकर की थी।