उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना उत्तर पुलिस ने चोरी व छिनैती करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बाल अपचारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास चोरी व छीने गए कुल 17 मोबाइल व दो चोरी की बाइकें बरामद की हैं। पकड़े गए गैंग के सदस्य चोरी करने पहले दिन में रैकी करते थे। फिर रात में वारदातों को अंजाम देते थे।
मंदिर, मेले बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करने वाले व रात के समय सुनसान रास्तों पर लोगों से छिनैती करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तर पुलिस ने एक बाल अपचारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने ककरऊ कोठी निवासी सोनू,जसराना के नगला पदिया निवासी अवतार, टापाकलां निवासी सत्यदेव उर्फ पिंटू, कौशल्या नगर निवासी विशाल व एक बाल अपचारी को सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग गैंग बनाकर मथुरा, वृन्दावन, महेंदीपुर बालाजी (राजस्थान), बटेश्वरनाथ मंदिर, हॉस्पीटल, क्लीनिक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोगों को चकमा देकर उनकी जेब से मोबाइल चोरी कर लेते हैं। राह चलते लोगों को औने पौने दाम मे बेचकर अपने शौक पूरे करते हैं।
शहर व अन्य स्थानों पर मोटर साइकिलों से घूमते रहते हैं तथा सून सान जगह देखकर मौके मिलते ही राह चलते लोगो से मोबाइल छीन कर भी भाग जाते हैं। आरोपियों के खिलाफ जिले के कई थानो में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में एसआई विधानचंद्र कुशवाह, विमलेश त्रिपाठी, आकाश कुमार मौजूद थे।