शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बच्चे को नवोदय विद्यालय के लिए प्रवेश परीक्षा दिलाने आई आगरा निवासी स्टाफ नर्स की कार में रखा आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में छह लाख रुपये के आभूषण और आठ हजार रुपये कैश था। पीड़िता ने थाना पहुंच कर जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
आगरा शमशाबाद रोड निवासी नेहा पत्नी मनोज कुमार गोस्वामी नोएडा में एक प्राइवेट अस्पताल में स्टाफ नर्स है। बुधवार सुबह नेहा टैक्सी लेकर एका निवासी अपने पिता डॉ. रामपाल गोस्वामी के घर आई। यहां से बेटा शिवांस को लेकर नगर के एके कॉलेज में नवोदय विद्यालय की परीक्षा दिलाने आई थी। बच्चे को परीक्षा में बैठा कर नेहा अपने भतीजे और चालक के साथ कार को लेकर नारायण होटल स्थित बाबा मिष्ठान भंडार पर आई थी। इसी दौरान काप से उसका बैग चोरी हो गया। चालक गुलशन का कहना है कि एक युवक आया और उसने कहा कि आपके पैसे पड़े हैं। जब वह कार से उतर कर रुपये लेने गया, इतनी देर में युवक कार में रखे बैग को लेकर चंपत हो गया। बैग चोरी होने पर नेहा ने चीख पुकार शुरू कर दी। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार चालक गुलशन को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें उसने लगभग 6 लाख रुपये के आभूषण और 8 हजार रुपये नकद, एटीएम, पासबुक व अन्य जरूरी कागजात हैं। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।