फिरोजाबाद। प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई गई। नोडल अधिकारी डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद सहित अन्य प्रशासनिक अफसरों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
परीक्षा को दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह पहली पाली 9.30 बजे से 11.30 जे तक चली। परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद नौ बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। पहली पाली में गोपीनाथ इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और पीडी जैन इंटर कॉलेज परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें पंजीकृत 1223 में से 969 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 254 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में गोपीनाथ इंटर कॉलेज और इस्लामिया इंटर कॉलेज में परीक्षा का आयोजन किया गया। डीआईओएस बालमुंकुंद ने परीक्षा केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाएं देखीं।
प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा का आयोजन आज भी तीन केंद्रों पर होगा। इनमें 1864 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दूसरे दिन भी परीक्षा कोविड नियमों के साथ सख्ती से कराने के आदेश डीआईओएस ने दिए हैं।
पीजीटी की दूसरी पाली में परीक्षा का आयोजन इस्लामियां इंटर कॉलेज और गोपीनाथ इंटर कॉलेज में किया गया। इसमें 762 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि 147 ने परीक्षा छोड़ दी। संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मुकेश अग्रवाल और डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद ने निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को देखकर संतोष जाहिर किया। वह एमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में छात्र उपस्थिति के संबंध में जानकारी हासिल की।