फिरोजाबाद। सोमवार दोपहर रामगढ़ थाना पुलिस ने रैपुरा स्थित सरसों के खेत से वृद्घ का कंकाल बरामद किया है। वह दिसंबर माह से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा निवासी रामवीर (65) दिसंबर माह में लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को रैपुरा निवासी लायक सिंह खेत पर पहुंचा तो सरसों के बीच कंकाल देख शोर मचा दिया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर रामगढ़ थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। कंकाल की पहचान रैपुरा निवासी रामवीर सिंह के रुप में मौके पर पहुंचे परिजन ने की। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिस खेत में वृद्घ का कंकाल मिला है वह आगरा के कमला नगर निवासी मुन्नी देवी का है। इसे बटाई पर रैपुरा निवासी लायक सिंह ने ले रखा है। रामवीर के दो बेटे हैं। उसके लापता होने की जानकारी परिजन ने पुलिस को नहीं दी थी। इसलिए उसकी गुमशुदगी भी दर्ज नहीं थी। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।