टूंडला। तेजस एक्सप्रेस से बुधवार सुबह सांड़ टकराने के दौरान ओएचई तारों के टूटने से ठप हुआ अप लाइन का रेल संचालन शुरू भी नहीं हुआ था कि तभी फिरोजाबाद-हिरनगांव रेलवे स्टेशनों के बीच अप व डाउन लाइन के सिग्नल फेल हो गए। इसके चलते अप लाइन के साथ ही डाउन लाइन पर रेल संचालन प्रभावित हो गया।
रेल प्रशासन द्वारा तेजस एक्सप्रेस के इंजन का पेंटो एवं ओएचई लाइन को सही कराने की कवायद की जा रही थी। इसी बीच हिरनगांव-फिरोजाबाद रेलखंड के मध्य सिग्नल भी फेल हो गए। अप के साथ ही डाउन लाइन पर जा रहीं ट्रेनें भी किसी भी प्रकार के सिग्नल न मिलने पर सिग्नलों से पूर्व जहां-तहां खड़ी हो गईं।
रेल प्रशासन ने ट्रेनों को मैसेज भेजकर एवं ऑटोमैटिक सिग्नल पर एक मिनट तक खड़ा करने के बाद चलाया गया। सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग ने दोपहर दो बजे करीब खराब सिग्नलों को ठीक किया। तब ट्रेनें बिना रुके दौड़ सकीं। इस दौरान अप की यशवंतपुर-लखनऊ स्पेशल ट्रेन, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जयनगर-नई दिल्ली स्पेशल वहीं डाउन की महाबोधी क्लोन एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस एवं गुड्स ट्रेनें प्रभावित रहीं।