गंज मुहल्ला स्थित प्राचीन सिद्वेश्वर नाथ महादेव मन्दिर
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों पर भक्तों की भीड़ उमडे़गी। जिले में स्थित कई शिव मंदिरों से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी है। इन शिव मंदिरों का विशेष महत्व है।
श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर
फिरोजाबाद। मोहल्लागंज स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर के महंत राममोहन दीक्षित ने बताया कि यह मंदिर करीब सात सौ वर्ष पुराना है। जब यहां शिवलिंग जमीन से प्रकट हुई थी। मंदिर की देखभाल रामलालजी महाराज द्वारा की जाती थी। तब से लोगों की मनोकामना पूर्ण होने के साथ ही आस्था का केंद्र बन गया। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां पूजा-अर्चना करने हैं। सावन माह के प्रत्येक सोमवार को हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने को आते हैं। जिस स्थान पर बाबा की शिवलिंग है। वहां एक छोटी से कोठरी थी, जिस पर टीन शेड पड़ा था। लेकिन जैसे-जैसे लोगों की आस्था जुड़ती गई। मंदिर ने भव्यता का रूप ले लिया।
रामेश्वरनाथ मंदिर
फिरोजाबाद। गल्लामंडी स्थित श्री रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर के महंत पं. अन्नत अनूप शास्त्री ने बताया कि यह मंदिर बहुत पुराना है। मंदिर सौ वर्ष से भी अधिक प्राचीन है। इसकी गवाही मंदिर की दीवारें भी देती हैं। मंदिर की सबसे बड़ी किदवंतती 41 दिन तक लगातार दर्शन से जुड़ी है। लगातार 41 दिन तक दर्शन करने वालों की हर मनोकामना पूरी होती है। सावन के प्रत्येक सोमवार, महाशिवरात्रि पर यहां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
सांती का प्राचीन मंदिर
खैरगढ़। सांती स्थित भोलेनाथ का मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है। मंदिर के महंत रमेश गोस्वामी ने बताया कि महाराज शांतनु ने इस मंदिर की स्थापना कराई थी। मंदिर के पास ही एक किला है, जो अब खंडहर हो चुका है। यहां शिवलिंग की गहराई जानने के लिए कई बार खुदाई हो चुकी है। लेकिन आज तक यह पता नहीं लग सका कि शिवलिंग जमीन के अंदर कितनी गहराई तक है। इस मंदिर से कई चमत्कार भी जुड़े हैं। महाशिवरात्रि पर यहां बड़ा मेला लगता है। सावन के सोमवार पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।