महिला समेत सात बदमाश गिरफ्तार
फिरोजाबाद। जलेसर रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के शोरूम में चोरी करने वाला गिरोह उत्तर थाना पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस ने महिला सहित सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से शोरूम से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है।
मोहल्ला गंगानगर निवासी राजेश यादव का जलेसर रोड झील की पुलिया के समीप इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का शोरूम है। रविवार रात बदमाशों ने शोरूम के अंदर से करीब 75 हजार की नकदी और छह लाख से अधिक का सामान चोरी कर लिया था। मंगलवार रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जलेसर रोड शनि देव मंदिर के समीप से बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के नाम दीपक, राम, कंठश्री निवासी नई आबादी रामगढ़, सनी उर्फ गोलू निवासी सम्राट नगर रामगढ़, देवेंद्र उर्फ पिंटू निवासी मडामई थाना बरनाल मैनपुरी, रामू निवासी अकबरपुर थाना टूंडला व अन्य है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 20 टीवी एलईडी, एक हैंडमिक्चर, दो ड्राई आयरन, इंडक्शन, 15 एलईडी लाइट व जनरेटर के पार्ट्स आदि बरामद किए है।
रैकी कर दिया करते थे घटना को अंजाम
एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि दीपक, रामू, सनी, देवेंद्र, रामू पैदल रैकी किए हुए स्थान के आसपास का जायजा लेते है। उसके बाद महिला कंठश्री नाबालिग अपराधी के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया करते है। रात्रि में सामान ले जाते समय नाबालिग के साथ महिला चौराहा या अन्य स्थान से लोडिंग वाहन बुक करते है। भाड़े पर किए गए वाहन में महिला नाबालिग के साथ बैठकर चोरी के किए गए सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाते है।
ओम वाटिका में हुई चोरी का भी खुलासा
थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने दस जनवरी की रात को ओम वाटिका के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित मंयक भारद्वाज निवासी आहिल्याबाई की प्रतिमा थाना उत्तर की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पकड़े गए बदमाशों ने रिसोर्ट में चोरी की घटना को अंजाम देने का जुर्म कबूल किया है।