फिरोजाबाद। मुजफ्फरनगर में शिक्षक की निर्मम हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज माध्यमिक शिक्षकों ने शनिवार को मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया। हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए नारेबाजी की गई। शिक्षकों ने चेतावनी दिया कि यदि आश्रितों को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन जारी रहेगा।
पिछले दिनों मुजफ्फरनगर में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। कार्रवाई न होने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संगठन में आक्रोश है। शनिवार सुबह एमजी कॉलेज में जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र यादव के नेतृत्व में कॉलेज में यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कॉपियों का मूल्यांकन करने पहुंचे शिक्षकाें ने विरोध विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। शासकीय और अशासकीय संगठनों ने पाली इंटर काॅलेज एवं बीडीएम काॅलेज में मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया।
इस मौके पर राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राजीव शर्मा, अटेवा के मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, राजकीय के जिला मंत्री डाॅ. शैलेंद्र सिंह, राजू सिंह कुशवाहा, संजय तोमर, अजय जैन, लोकेंद्र सिंह, संजय समर्थ, विश्वभारती आदि मौजूद रहे।