फिरोजाबाद। रेलवे के आरक्षण काउंटर पर टिकट देर से मिलने पर मंगलवार को यात्रियों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान यात्रियों और रेलवे स्टाफ के बीच जमकर विवाद हुआ। हंगामे की सूचना पहुंची पुलिस ने आक्रोशित यात्रियों को समझाकर मामले को शांत करा दिया। यात्रियों का आरोप था कि आरक्षण कार्यालय की एक खिड़की खुलने के कारण दिक्कत हो रही है।
आरक्षण कार्यालय के बाहर मंगलवार को काफी लंबी लाइन लगी थी। तीन से चार घंटे लाइन में लगने के बाद भी दोपहर करीब दो बजे तक आरक्षण टिकट बुक कराने का नंबर नहीं आने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। यात्रियों ने हंगामा कर दिया। इस बीच यात्रियों का आरक्षण कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से विवाद हो गया। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई।
जीआरपी ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। आरक्षण टिकट बनवाने आए दिनेश कुमार, राजेश आदि का कहना था कि सुबह 11 बजे से लाइन में लगने के बाद भी दो बजे तक नंबर नहीं आया। सरकार जनरल टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं दे रही है। ऐसे में बंद खिड़की को चालू कराना चाहिए। इससे आरक्षण टिकट लेने में आासनी होगी।
................
रेलवे बोर्ड के नियमों के आधार पर आरक्षण टिकट की विंडो खोलती है। यदि इस तरह की दिक्कत है तो वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
अमित कुमार पीआरओ