फिरोजाबाद। वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से एआईएमआईएम के प्रत्याशी की चुनावी सामग्री का बिल मांगने पर रसूलपुर थाना पुलिस से कार सवार का विवाद हो गया। प्रचार सामग्री पकड़े जाने की सूचना पर प्रत्याशी अपने समर्थकों के संग थाने पहुंचे। हंगामा करने के साथ ही वीडियोग्राफी करने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन समर्थक नहीं माने। फोर्स के पहुंचने से पूर्व प्रत्याशी ही और उनके समर्थक खुद ही थाने की हवालात में घुस गए। जेल भेजने की मांग करने लगे। पुलिस ने प्रत्याशी और उनके समर्थकों को समझा बुझाकर किसी तरह हवालात से बाहर निकाला। पार्टी प्रत्याशी ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
एसएसआई रसूलपुर शिवभान सिंह राजावत थाने के सामने हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच आसफाबाद की तरफ से आ रही एक कार को उन्होंने रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के अंदर से एआईएमआईएम के प्रत्याशी गोल्डी राठौर की चुनाव सामग्री रखी हुई थी। कार चालक और कार में बैठे लोगों से पुलिस ने चुनाव सामग्री का बिल मांगा। लेकिन वह दिखा नहीं सके। उन्होंने कार में बैठे लोगों को थाने चलने के लिए कहा। आरोप है कि कार चालक ने सिपाही से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रत्याशी गोल्डी राठौर को फोन कर दिया।
कुछ ही देर में गोल्डी राठौर समर्थकों के साथ रसूलपुर थाने पहुंच गए। पुलिस पर कार चालक और समर्थकों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। थाने पर हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, कोतवाल उत्तर संजीव कुमार दुबे और कोतवाल दक्षिण रामेंद्र शुक्ला भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बल को देख गोल्डी राठौर और उनके समर्थक थाने की हवालात में घुसकर जमीन पर बैठ गए। पुलिस ने समझाकर उन्हें बाहर निकाला। गोल्डी राठौर ने पुलिसकर्मी देवेंद्र कुमार पर अभद्रता करने का आरोप भी लगाया।
हम प्रचार कर कार द्वारा वापस जा रहे थे। तभी पुलिस ने चेकिंग के लिए कार को रोका। जिसके अंदर से चुनाव सामग्री रखी थी। पुलिस द्वारा बिल मांगा गया। हम बिल दिखाने की बात कह रहे थे। पुलिस ने अभद्रता कर दी।
गोल्डी राठौर, प्रत्याशी एआईएमआईएम
गोल्डी राठौर ने अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभद्रता किए जाने की तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार के अंदर से जो चुनाव सामग्री बरामद की गई है। उसकी जांच कराकर चुनाव के खर्च में जोड़ा जाएगा।
हरिमोहन सिंह, सीओ सिटी