अधिवक्ताओं के सौ चैंबरों का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा। शासन ने त्वरित
आर्थिक विकास योजना के तहत 1.91 करोड़ धनराशि जारी की है। चैंबरों का
निर्माण कराने की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को सौंपी है। अधिवक्ताओं
की ओर से इसकी डिमांड पिछले काफी दिनों से की जा रही थी।
न्यायालय
प्रांगण में अधिवक्ताओं के चैंबरों के निर्माण की मांग पिछले काफी दिनों से
की जा रही थी। प्रदेश सरकार के खिलाफ पिछले दिनों अधिवक्ताओं ने विरोध
प्रदर्शन किया था। अधिवक्ताओं के सौ चेंबरों के निर्माण के लिए राजकीय
निर्माण निगम की ओर से तीन करोड़ 82 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा
था। शासन की ओर से काफी दिनों से लंबित पड़े इस प्रस्ताव पर वित्तीय वर्ष
2014-15 के समाप्त होने से पूर्व धनराशि जारी कर दी है। जिला अर्थ एवं
संख्याधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शासन की ओर से त्वरित आर्थिक विकास
योजना के तहत अधिवक्ताओं के सौ चेंबर के निर्माण को 1.91 करोड़ का बजट जिले
को जारी कर दिया है। इस धनराशि को सीधे राजकीय निर्माण निगम को भेज दिया
है। ताकि चेंबरों के निर्माण का काम प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि शेष
धनराशि शीघ्र ही मिलेगी।
पंचायतों के सचिव अब कंप्यूटर पर करेंगे काम
राजीव गांधी पंचायत सशक्तीकरण अभियान के तहत जिले की पांच हजार से अधिक
आबादी वाली ग्राम पंचायतों को हाईटेक बनाने की दिशा में पहल शुरू हुई है।
शासन के निर्देश पर जिले की नौ पंचायतों के सचिव अब कंप्यूटर पर काम करते
दिखाई देंगे। जिले की नौ पंचायतों को कंप्यूटरों का आवंटन शासन स्तर से कर
दिया है। फीरोजाबाद ब्लाक में दौंकेली, जरौली कलां, अलीनगर कैंजरा, टूंडला
ब्लाक की धीरपुरा, चुल्हावली व नारखी ब्लाक की नारखी ताल्लुका, रुधऊ
पहाड़पुर, मदन पुर की सिरसाखास, शिकोहाबाद की मक्खनपुर पंचायत को शामिल
किया है।
ग्राम पंचायतों से जुड़ी खास बातें
- पांच हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों की संख्या 45 है।
- 33 पंचायतों में पंचायत घरों में हो चुका है निर्माण।
- 45 पंचायतों के कंप्यूटरीकरण को भेजा प्रस्ताव।
- नौ पंचायतों को कंप्यूटर मिलने से कई ग्राम पंचायतों का हो सकेगा काम।
- एक सचिव कई पंचायतों का संभाले हुए हैं चार्ज।
पांच
हजार से अधिक आबादी वाली नौ पंचायतों में प्रथम बार कंप्यूटर लगाए जा रहे
हैं। कंप्यूटर लगने से गांव के कामकाज में तेजी आएगी। मेरा प्रयास होगा
पांच हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों को कंप्यूटर दिलाए जाएं।
रवींद्र मांदड, प्रभारी डीपीआरओ फीरोजाबाद।
चौराहों पर ट्रैफिक लाइट
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में पहल करते हुए फीरोजाबाद
एवं शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्य बाजार में रेलिंग लगाने का काम
जल्द प्रारंभ किया जाएगा। विप्रा के प्रभारी अधिकारी रवींद्र मांदड ने कहा
मुख्य बाजार में रेलिंग लगाने, नगला बरी चौराहा, जाटवपुरी चौराहा व
सुहागनगर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल शीघ्र लगेंगे। ताकि वाहनों के आवागमन
में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। हिमायूंपुर नाले में बच्चों के गिरने
की घटनाओं को रोकने को सीमेंटेड रैलिंग लगेगी।
शिकोहाबाद के सुधरेंगे दो पार्क
क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी योजना के तहत शिकोहाबाद पालिका के दो पार्कों का
सुधार होगा। इनमें पौधरोपण के साथ हरी घास लगेगी। इनमें आवास विकास कालोनी
का पार्क भी शामिल है।