शिकोहाबाद। बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की लहलहाती फसलें बरबाद हो गईं। आलू, सरसों और मिर्च की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। ओलावृष्टि से मौसम में ठिठुरन बढ़ने से गरीब, बेसहारा और असहाय लोग परेशान हैं।
बृहस्पतिवार रात हुई बारिश से किसानों ने राहत महसूस की थी।
फसलों के अनुरूप बारिश होने से उनके चहरे पर मुस्कान आ गई थी, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं रुकी। शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से आलू, सरसों और मिर्च की फसल को भारी नुकसान हुआ है। आलू की क्यारी में ओलावृष्टि एकत्रित होने से आलू की पैदावार पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा। किसानों का कहना है कि बारिश और ओलावृष्टि से उनकी लहलहाती फसल बर्बाद हो गई है। लगभग 15 मिनट आसमान से ओले गिरने से खेतों और सड़कों पर बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गयी।
सरकार से आर्थिक मदद की मांग
समाजवादी पार्टी के सिरसागंज विधायक ने मांग की है कि सरकार खराब हुई फसलों का मुआवजा दे। वहीं एसडीएम एकता सिंह ने कहा कि ओला पड़ने से किसानों की जो फसलें खराब हुई हैं। उनका राजस्व निरीक्षक से आंकलन कराया जाएगा और किसानों को मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।