फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी-बछगांव के मध्य भैंसों से भरी डीसीएम की टक्कर से एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद भैसों से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर रोड किनारे खंदी में पलट गई। हादसे में घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना नारखी क्षेत्र के बछगांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार (26) पुत्र रामकिशन अपने साथी शीलेंद्र पुत्र सुल्तान सिंह के साथ ही बाइक से रसोई गैस सिलिंडर लेने नारखी जा रहे थे। बछगांव से नारखी के मध्य पहुंचने पर सामने से तेज गति में आ रही भैसों से भरी डीसीएम के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक सवार को चपेट में ले लिया। जिससे बाइक सवार पुष्पेंद्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका साथी शीलेंद्र घायल हो गया।
वहीं भैंसों से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर रोड किनारे खंदी में पलट गई। डीसीएम के पलटने से उसमें सवार पशुपालक थाना एका क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी ब्रहमदत्त उर्फ लल्लन (56) पुत्र बनवारीलाल, भीकमपाल उर्फ भिखारी (52) पुत्र रेवतीलाल एवं गोसपुर निवासी अजब सिंह (45) पुत्र गेदा लाल घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। पशुपालक अजब सिंह ने बताया कि वह डीसीएम में भैंसों को लेकर पचोखरा पैठ करने जा रहे थे। इसी दौरान हाइसे में डीसीएम खंदी में पलट गई। उन्होंने कहा कि भैंस चुटैल हो गई हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं मृतक पुष्पेंद्र के परिजनाें के अनुसार उसकी शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। सड़क हादसे में मौत होने के बाद उसकी पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है।