सदर तहसील में स्वीप अभियान के तहत हुआ कार्यक्रम
मतदाता जागरूकता होंगे कार्यक्रम
सदर तहसील में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में डीएम राजेश प्रकाश ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में वोटर होना गर्व की बात है। यह वोट आपका अमूल्य है इसे बिना किसी लोभ लालच के जाति धर्म से ऊपर उठकर मतदान दिवस पर उत्साह के साथ मतदान करें और अपनी पसंद की सरकार बनाएं।
मतदाता जागेगा तो देश जागेगा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में सभी लोग बढ़ चढ़कर भाग लें। मतदान के दिन किसी को घर में नहीें बैठना चाहिए। लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए समाज में मतदान के प्रति जागरूकता लायें। आपके एक-एक वोट से लोकतंत्र मजबूत होता है। यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसका प्रयोग कर हम अच्छे लोगों को चुन सकते हैं। मतदान के लिए जिन लोगों के वोट नहीं बने हैं वह एक सितंबर से विशेष विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वोट अवश्य बनवा लें।
उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण कार्य बिना जनसहयोग के बीएलओ एवं तहसील स्टाफ अकेले पूरा नहीं कर सकता है। उन्होंने सभी शैक्षिक संस्थानों, प्राचार्य, प्रबंधक, प्रधानाध्यापक से अपील की कि वह अपने-अपने शैक्षिक संस्थानों में निबंध, पेंटिंग, भाषण, मेंहदी, स्लोगन प्रतियोगिताएं कराकर छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता अभियान में सहभागी बनाएं। उन्होंने कहा कि सभी पांच सितंबर से हस्ताक्षर अभियान, मतदाता जागरूकता मैराथन रैली, रन फॉर बोट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम एसडीएम सदर रवीद्र मादंड, तहसीलदार जीत सिंह राय, सहायक श्रमायुक्त राजेश मिश्रा, स्वीप आइकन हेमंत अग्रवाल सहित समाजसेवी एवं शैक्षिक संस्थानों के प्राचार्य, प्रबंधक व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।