फिरोजाबाद। राजा का ताल क्षेत्र में थाना निर्माण की योजना पिछले तीन वर्षों से सरकारी फाइलों में उलझकर रह गई है। औद्योगिक एरिया, प्रमुख धार्मिक स्थलों, पॉश कॉलोनियों और आवासीय योजनाओं के विस्तार के चलते यहां एक स्थायी पुलिस चौकी की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी। वर्ष 2023 में तत्कालीन जिलाधिकारी रमेश रंजन और एसएसपी आशीष तिवारी ने इसके लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रस्ताव भी भेज दिया था, लेकिन वह अब तक धरातल पर नहीं उतर सका।
सिक्सलेन बाईपास बनने के बाद राजा का ताल और इसके आसपास के इलाकों का तेजी से शहरीकरण हुआ है। मीरा चौराहे से हजरतपुर तक के विस्तृत भूभाग में अनेक पॉश कॉलोनियां बस चुकी हैं, दो मिनी औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित हो गए हैं, साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर, स्कूल-कॉलेज और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सैकड़ों मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। शहर के जाने-माने उद्यमियों के निवास भी इसी क्षेत्र में हैं। बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना प्रशासन की प्राथमिकता बन गया था।
उद्यमी संगठनों की लगातार मांग के बाद तत्कालीन डीएम और एसएसपी ने 2023 में राजा का ताल में अलग थाना स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की। इसके लिए ग्राम पंचायत उसायनी के गाटा संख्या दो, रकबा 9.274 पर स्थित लगभग 5400 वर्गमीटर भूमि को चिह्नित भी कर लिया गया था। लेकिन एसएसपी आशीष तिवारी के स्थानांतरण के बाद यह पूरी प्रक्रिया ठप पड़ गई और देखते-ही-देखते तीन साल बीत गए।
-
आठ किलोमीटर के दायरा में सुरक्षा घेरा तैयार कराने की मंशा-
फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण से थाना टूंडला की दूरी लगभग आठ से 10 किलोमीटर है। थाना दक्षिण और लाइनपार के सीमावर्ती इलाकों में होने वाले अपराध पर त्वरित कार्यवाही एवं सतत निगरानी के लिहाज से राजा का ताल थाना निर्माण कार्य योजना बनाई गई थी।
प्रस्तावित राजा का ताल
थाना से जुड़ने थे यह क्षेत्र
सूत्रों की माने तो प्रस्तावित राजा का ताल थाने का सीमांकन भी लगभग पूरा हो गया था। प्रस्तावना में प्रमुख वैष्णो देवी मंदिर,बाबा नीम करौली धाम चौराहा,मिनी इंडस्ट्रीज एरिया उसायनी एवं के साथ एफएम सिटी,आर्चिड ग्रीन पॉश कालोनी के साथ कई पॉश कालोनी अभी निर्माणाधीन है। इसी के साथ जरौली,उसायनी,अली नगर कैंजरा,हजरतपुर आदि ग्राम व पंचायत शामिल करने की योजना थी।
कांच उद्यमियों ने की थी पहल
राजा का ताल क्षेत्र में नए थाना निर्माण की मांग क्षेत्रीय लोगों के अलावा कांच उद्यमी संगठन यूपीजीएमएस अध्यक्ष राजकुमार मित्तल और निर्यातक सिंगराज यादव ने प्रमुखता से उठाई थी। इसके बाद क्षेत्र में नए थाना निर्माण की प्रस्तावना एवं जरूरी कार्यवाही शुरू की थी।
जन प्रतिनिधि की बात
उसायनी क्षेत्र में राजा का ताल के नाम से थाना निर्माण को कार्ययोजना बनी थी। सुरक्षा की दृष्टि से बनी कार्ययोजना को धरातल पर लाने के लिए शासन स्तर पर पुख्ता पहल की जाएगी। ताकि राजा का ताल पर थाना का निर्माण हो सके।
प्रेमपाल धनगर विधायक टूंडला