फिरोजाबाद। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पवित्र त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों और खुराफातियों द्वारा शांति व्यवस्था भंग होने के अंदेशे को देखते हुए शहर के चारों थाना क्षेत्रों से कुल 325 चिह्नित खुराफातियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत पाबंद कर दिया गया है।
सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि इन सभी संदिग्ध को एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके से पाबंद किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी त्योहार के दौरान अराजकता फैलाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की मामूली सी भी कोशिश की, तो उसकी जमानत तुरंत निरस्त कर सीधे जेल भेज दिया जाएगा। बुधवार सुबह 5:30 बजे से ही भारी पुलिस बल शहर के चप्पे-चप्पे पर भ्रमणशील रहेगा।
थानावार हुई निरोधात्मक कार्रवाई
थाना दक्षिण से 200, थाना रसूलपुर से 53, थाना रामगढ़ से 50 और थाना उत्तर से 22 खुराफातियों को पाबंद किया गया है।
पुलिस की डिजिटल पहरेदारी, सख्त गाइडलाइंस जारी
पुलिस अधीक्षक सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सौहार्द बनाए रखने के लिए धार्मिक स्थलों के अंदर ही सारे कार्यक्रम संपन्न होंगे। परंपरा के अनुसार नमाज केवल ईदगाह और मस्जिदों के परिसर के भीतर ही अदा की जाएगी। किसी भी मुख्य मार्ग या सड़क को रोककर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। कुर्बानी का अमलीजामा पूरी तरह पर्दे या तयशुदा बंद स्थानों के भीतर ही किया जाएगा। खुले स्थानों या सार्वजनिक रास्तों पर कुर्बानी देना पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस की एलआईयू और साइबर सेल सोशल मीडिया पर बारीक नजर रख रही है। कोई भी व्यक्ति कुर्बानी या आपत्तिजनक कंटेंट के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं करेगा। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट डालने वाले ग्रुप एडमिन और संबंधित यूजर के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।