फिरोजाबाद। सुहागनगरी में सरकारी आंकड़ों में डेंगू समाप्त हो गया है लेकिन हकीकत में स्थिति में अब तक पूरी तरह सुधार नहीं आया है। सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती 36 मरीजों में से 16 मरीजों की प्लेटलेट्स कम हैं। सिर दर्द और तेज बुखार की समस्या भी है। डेंगू जैसे लक्षण होने पर रक्त सैंपल भी लिए गए लेकिन मंगलवार को एलाइजा जांच के लिए पैथोलॉजी बंद रही। इधर, निजी अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। हालांकि सितंबर, अक्तूबर के मुकाबले वर्तमान में संख्या कम है।
सौ शैय्या अस्पताल के वार्ड में मंगलवार को कुल 36 मरीज भर्ती थे। इनमें से किसी मरीज की प्लेटलेट्स 27 हजार तो किसी की 57 हजार थी। तीमारदारों के मुताबिक, डेंगू जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या 16 से अधिक है। हालांकि सौ शैय्या अस्पताल में डेंगू की एलाइजा जांच नहीं की गई। यहां किट से जांच लंबे समय से बंद है। जांच न होने से सरकारी आंकड़ों में डेंगू शून्य है। इधर, निजी चिकित्सकों की मानें तो डेंगू मरीजों की संख्या कम हुई है लेकिन अभी भी डेंगू के मरीज आ रहे हैं।
- वायरल में भी मरीज की प्लेटलेट्स घट जाती है। डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की एलाइजा जांच कराएंगे। बुखार और प्लेटलेट्स घटने जैसी समस्याओं के मरीज फिर आने लगे हैं।
डॉ. एलके गुप्ता, विभागाध्यक्ष
मेडिकल कॉलेज
इन मरीजों में मिले डेंगू जैसे लक्षण
सैय्यदगंज निवासी महिराज, सैलई निवासी लक्ष्य, सिरसागंज के गांव सारक निवासी आदित्य, मढलई निवासी प्रतिज्ञा, नूर नगर निवासी मुन्ना, हाजीपुरा निवासी अरहान, जसराना निवासी पिंकी, हिरनगांव निवासी क्रिस्टी।
क्या बरते सावधानियां
- फुल आस्तीन के कपड़े पहनें।
- मच्छरों से बचाव करें।
- गमले, कवाड़ आदि के पास गंदगी न होने दें।