शिकोहाबाद। मिर्च व्यापारी को बोलेरो सवार लुटेरों ने सवारी के रूप में गाड़ी में बैठाकर लूट लिया। व्यापारी से बदमाश 34 हजार रुपये लूटने के बाद चलती गाड़ी से फेंककर भाग गये।
बल्देव रोड, टूंडला निवासी मिर्च व्यापारी मुख्त्यार पुत्र नसीम कुरैशी दोपहर 12 बजे हाईवे स्थित मंडी समिति में बेची गई मिर्चों का तगादा वसूलने आए थे। तगादे में उन्हें 34 हजार रुपये मिले। इसके बाद वह मंडी समिति के बाहर आकर टूंडला जाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगे। तभी एक बोलेरो उनके पास आकर रुकी। गाड़ी का चालक आगरा चलने की आवाज लगा रहा था। मुख्त्यार ने उससे टूंडला जाने की बात कही तो चालक ने मुख्त्यार को गाड़ी में बैठा लिया। बोलेरो में कुछ सवारियां पहले से बैठीं थीं। भूड़ा नहर से आगे अन्य सवारियों के रूप में बैठे बदमाशों ने मुख्त्यार के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट कर जेब में रखे 34 हजार रुपये लूट लिए। बाद में लुटेरे मिर्च व्यापारी को चलती गाड़ी से रूपसपुर के पास फेंककर भाग गए। पीड़ित मिर्च व्यापारी ने थाने में अज्ञात 5-6 बोलेरो सवार लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताते चलें 24 जुलाई को लहसुन व्यापारी संजय गुप्ता निवासी डाहिनी से घिरोर जाते समय स्कार्पियो सवार लुटेरों ने मारपीट कर 1.68 लाख रूपये लूट लिए थे। मामले में भी पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।