फिरोजाबाद। एक जुलाई से परिषदीय स्कूल खुल गए हैं। शासन के आदेेश पर स्कूलों में सिर्फ शिक्षक ही पहुंच रहे हैं। बच्चों के स्कूल आने पर रोक है। ऐसे में जिन अभिभावकों के पास स्मार्ट फोन की सुविधा नहीं है, वे किताब-कॉपी लेकर बच्चों के लिए शिक्षकों से होमवर्क लेने पहुंच रहे हैं। साथ ही कार्य होने पर दूसरे दिन कॉपी चेक कराने भी जा रहे हैं।
कोरोना काल में शासन ने शिक्षण कार्य ऑनलाइन जारी रखने के आदेश दिए हैं। लेकिन परिषदीय स्कूलों के करीब 60 प्रतिशत से अधिक बच्चों के पास ऑनलाइन पढ़ाई के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बच्चे काफी समय से पढ़ाई से दूर हैं। ऐसे में अभिभावकों को चिंता सताने लगी है। अरांव ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल किठौत में 10 से 12 अभिभावक बच्चों की किताब-कॉपी लेकर पहुंच रहे हैं। शिक्षक बच्चों के लिए होमवर्क दे रहे हैं। प्रधानाध्यापक मोहम्मद शाहिद का कहना है कि बच्चों के स्कूल आने पर रोक है, इसलिए बच्चों का होमवर्क लेने के लिए अभिभावक आ रहे हैं।