यातायात पुलिस कार्यालय में खड़ीं एंटी सेफ्टर बाइकें। संवाद
फिरोजाबाद। शहर की लचर यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए लखनऊ से जिले की यातायात पुलिस को बैरियरों के साथ बाइकें और एसी हेलमेट दिए गए हैं। बाइक पर लगे यंत्र से स्कैन करते ही ओवर स्पीड वाहन का चालान करने में आसानी होगी। इसके अलावा बैरियरों को ऐसे स्थानों पर लगाया जाएगा, यहां यातायात बेपटरी रहता है। साथ ही गर्मी में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को एसी हेलमेट दिए जाएंगे।
प्रदेश में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और हादसों में कमी लाने के लिए कुछ ऐसे उपकरण यातायात पुलिस को दिए गए हैं। जिनसे पुलिसकर्मियों को व्यवस्था को बेहतर करने में काफी सहूलियत होगी। जिले की यातायात पुलिस को भी तीन एंटी सेफ्टर बाइकें मिली हैं। जिन पर एक ऐसा उपकरण लगा हुआ है। जिससे स्कैन कर वाहनों की स्पीड जांची जाएगी। ओवरस्पीड होने पर उसी उपकरण की मदद से चालान करने में आसानी होगी। इसके अलावा 50 वातानुकूलित हेलमेट भी मिले हैं। ये हेलमेट विशेष रूप से गर्मी और धूप से सुरक्षा प्रदान करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इन हेलमेट में कूलिंग सिस्टम लगा हुआ है, जिससे पुलिसकर्मी लंबे समय तक आरामदायक स्थिति में काम कर सकेंगे। यह पहल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए की गई है। चौराहों पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से बचाने के लिए एसी हेलमेट पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिया था। इसके बाद लखनऊ में ट्रायल किया गया।
इस खास हेलमेट का निर्माण हैदराबाद की एक कंपनी ने किया है। इसमें लगी बैटरी एक बार चार्ज करने पर आठ घंटे तक चलती है। इस हेलमेट में जहां एक मोटर लगी है, वहीं सिर के पास पंखा है।
जरूरत के स्थान पर लगेंगे 260 बैरियर
यातायात पुलिस को 260 नए बैरियर भी दिए गए हैं। इन बैरियरों की मदद से शहर की यातायात व्यवस्था को काबू में किया जाएगा। यातायात प्रभारी महेश यादव ने बताया कि जरूरत के स्थान पर ये बैरियर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बाइकें और हेलमेट से पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करने में काफी सहूलियत भी मिलेगी।