सड़क हादसों में एक की मौत, छह घायल
- फोटो : अमर उजाला
फीरोजाबाद से दावत खाकर लौट रहे आधा दर्जन लोगों को ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच घायल हो गए। इधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। इसके साथ ही दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक सहित दो की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना मटसेना के ग्राम गढ़िया मोड़ के समीप रात्रि करीब दो बजे ट्रक ने आसफाबाद से दावत खाकर गांव लौट रहे आधा दर्जन ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शाहरुख खान (18) पुत्र नवाजी खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शान मोहम्मद (20) पुत्र मीर खां, शहजाद खां (19) पुत्र आबाद खां, राजवीर सिंह (45) पुत्र किशनलाल, साधु सिंह (25) पुत्र देवीराम और सज्जाद (24) पुत्र शाहबुद्दीन सभी निवासी मटसेना घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दुर्घटना में घायल राधेश्याम पुत्र ओमप्रकाश की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।