फिरोजाबाद में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि 11 लोग घायल हो गए। ये लोग परिक्रमा करके वृंदावन से घर भिंड लौट रहे थे।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शनिवार की सुबह श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हो गए। ये लोग वृंदावन से परिक्रमा करके मध्य प्रदेश के भिंड लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र के आगरा-इटावा हाईवे के धातरी गांव के पास की है। श्रद्धालु पिकअप में बैठकर वृंदावन से परिक्रमा करके लौट रहे थे। यहां पर चालक को झपकी आ गई। इससे गाड़ी ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद पिकअप में बैठे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे।
लोगों ने गाड़ी से लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस सिरसागंज और शिकोहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायलों ने बताया कि वह वृंदावन से परिक्रमा करके अपने गांव भिंड लौट रहे थे।
घायलों में मुन्नलाल, हरीशंकर, रामूर्ति निवासी थाना विलहोरा जिला भिंड मध्य प्रदेश, गुडिया, छोटी निवासी रदौली भिंड, लक्ष्मी, आकांक्षा, मुन्नी देवी, पिंकी निवासी बगेडी भिंड, मोहन निवासी रिदौली भिंड शामिल हैं। जबकि गाड़ी चालक जयसिंह (40) निवासी विलहोरा ग्राम भूरे का पुरा जिला भिंड की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि घटना सुबह करीब सात बजे की है। चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ है।