उत्तर प्रदेश किसानों के ट्रैक्टरों पर ठगों की नजर है। फिरोजाबाद जिले में एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह ने कई किसानों को झांसे में लेकर उनके ट्रैक्टर पार कर दिए। उन्हें ले जाकर दूसरे जिलों में बेच दिया। पुलिस ने अब तक 17 ट्रैक्टर बरामद किए हैं।
फिरोजाबाद के नसीरपुर एवं शिकोहाबाद से किराए पर ट्रैक्टर लेकर उन्हें बेचने वाले गिरोह के एक वांछित सदस्य को उसके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसको पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
कुछ माह पूर्व शिकोहाबाद में ऑफिस खोलकर शिकोहाबाद एवं नसीरपुर क्षेत्र के कई किसानों के ट्रैक्टरों को शातिरों ने किराए पर ले लिया था। मथुरा हाईवे पर काम चलने की उस दौरान बात कही थी। कुछ किसानों को कुछ माह तक किराया भी दिया था। जिसके बाद से ट्रैक्टर लेकर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले की जांच पुलिस कर रही थी। शिकोहाबाद पुलिस ने कई जिलों में दबिश देकर कई ट्रैक्टरों को बरामद भी किया था।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि टीटू यादव, डब्बू उर्फ समीर ने एक षड़यंत्र के तहत किसानों को अपने जाल में फंसाया था। जिसके बाद उनके ट्रैक्टरों को फर्जी, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मथुरा छाता क्षेत्र के रहने वाले मुकेश, भूदेव आदि के साथ मिलकर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों जैसे बाराबंकी, बुलंदशहर, हाथरस, अलीगढ़, मुरादाबाद, अमरोहा, सम्भल, गोरखपुर आदि स्थानों पर बेच दिया था।
विज्ञापन
पुलिस ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपयों के 17 ट्रैक्टर बरामद भी कर लिए थे। पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी देवकीनंदन निवासी पैलखू थाना बरसाना मथुरा हाल निवासी विकास नगर थाना हाईवे मथुरा को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।