फिरोजाबाद। शहर में पार्किंग का न होना बड़ी समस्या है। सर्विस रोड और स्टेशन रोड पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इन स्थानों पर कई प्रमुख बैंक और बडे़ व्यापारिक प्रतिष्ठा हैं। यहां रोजाना हजारों लोगों का आनाजाना रहता है। कुछेक संस्थानों ने पार्किंग काफी छोटी बनाई है।
दृश्य एक: जिला अस्पताल से कोटला चुंगी चौराहा तक
जिला अस्पताल से कोटला चुंगी चौराहे तक सर्विस रोड पर छह बैंक हैं। यहां हजारों लोग रोजाना आते-जाते हैं, लेकिन पार्किंग नहीं है। बैंकों के बाहर दो पहिया वाहन सर्विस रोड घेर कर खड़े होते हैं। कोटला चुंगी चौराहे पर सिंडिकेट बैंक पर पार्किंग नहीं है। गोपाल आश्रम के निकट इलाहाबाद बैंक और सेंट्रल बैंक का भी यही हाल है। एसबीआई की पार्किंग काफी छोटी है। जिला अस्पताल के गेट बंद होने से तीमारदार वाहनों को सर्विस रोड पर खड़ा कर चले जाते हैं और जाम लग जाता है।
दृश्य दो : सुभाष तिराहे से सीबी गेस्ट हाउस तक
इस सर्विस रोड पर सुभाष तिराहे से एसपी सिटी कार्यालय तक कई प्रमुख चिकित्सकों के क्लीनिक और दवा की दुकाने हैं। क्लीनिकों पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। वाहन सर्विस रोड पर खड़े किए जाते हैं। अधिकांश चिकित्सकों के चार पहिया वाहन भी सर्विस रोड पर खडे़ रहते हैं। अक्सर जाम लगा रहता है। इस स्थान को डॉक्टरों की मंडी कहा जाता है, लेकिन वाहन पार्किंग के इंतजाम नहीं हैं।
दृश्य तीन : स्टेशन रोड
स्टेशन रोड पर प्रमुख शिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटर, वित्तीय संस्थानों के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठान भी हैं। रेडीमेड कपड़ों के शोरूम, होटल, बैंक और कांच के सर्वाधिक शोरूम इसी रोड पर हैं। इस रोड पर भी पार्किंग की नहीं कोई व्यवस्था नहीं है। बैंकों के बाहर सड़क पर वाहन पार्क किए जाते हैं।
सर्विस रोड स्थित बैंक के आसपास पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। स्टेट बैंक की पार्किंग उपभोक्ताओं की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम लगता है।
प्रशांत शर्मा - तिलक नगर।
जिला अस्पताल में पार्किंग है। अस्पताल के दोनों गेट बंद होने से वाहन अंदर नहीं जा पाते। लोग अस्पताल की बाउंड्री के बाहर सर्विस रोड पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे जाम लगता है
गिरीश कुमार - बछगांव।
नगर निगम मार्केट के सामने मेडिकल स्टोर और चिकित्सक व उनके यहां आने वाले मरीज अपने वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे सुभाष तिराहे से एसपी सिटी ऑफिस तक दिनभर जाम रहता है।
प्रभात शर्मा - सुभाष कालोनी।
स्टेशन रोड पर पहले जाम नहीं लगता था। जब से बैंक और मॉल खुले हैं, तब से जाम लगने लगा है। क्योंकि आसपास पार्किंग नहीं है। लोग वाहनों को सड़क पर खड़ा कर शॉपिंग करने के लिए चले जाते हैं।
धीरज कुमार - अधिवक्ता।
नगर आयुक्त विजय कुमार ने कहा विप्रा को लिखेंगे पत्र
सवाल - बडे़-बडे़ संस्थान और व्यापारिक केेंद्रों पर पार्किंग क्यों नहीं है ?
जवाब - व्यापारिक प्रतिष्ठान बैंक आदि खोले जाते हैं तो पार्किग के लिए स्थान छोड़ना चाहिए। यह देखना विकास प्राधिकरण का काम है कि नक्शा पास किया तब पार्किंग के लिए स्थान छोड़ा या नहीं। विप्रा को पत्र लिखेंगे।
सवाल - स्टेशन रोड पर पार्किंग नहीं है, नगर निगम की क्या तैयारी है ?
जवाब - स्मार्ट सिटी में पार्किंग के लिए रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।