मक्खनपुर पुलिस ने गश्त के दौरान नर्गिस हत्याकांड के आरोपी राशिद को शनिवार सुबह करीब छह बजे पाइनियर कारखाने के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
नर्गिस हत्याकांड का खुलासा करते हुए थानाध्यक्ष मक्खनपुर ने बताया कि राशिद के नर्गिस से संबंध चार वर्ष पूर्व हुए थे। राशिद मक्खनपुर स्थित ध्रुव गुप्ता के मकान में ही बक्शा बनाने का काम करता था और वहीं रुक जाता था। यहां नर्गिस भी आ जाती थी। जबकि राशिद की पत्नी अपने सात बच्चों के साथ शिकोहाबाद स्थित रुकनपुरा में ही रहती थी। राशिद जब भी घर जाने की बात कहता था, तो नर्गिस इसका विरोध करती थी।
इसी बात को लेकर नर्गिस और राशिद के बीच विवाद होता था। जब परिवार से अधिक दूरियां बनने लगी तो नर्गिस को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। रविवार रात करीब आठ बजे नर्गिस राशिद के पास मक्खनपुर पहुंची। खाना खाने के बाद वह सो गई। देर रात बक्शा बनाने वाले हथौड़े से उसने उसके सिर पर बार कर दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसको मृत समझ कर बाहर पडे़ कबाड़ में जला दिया गया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उस हथौड़े को भी बरामद कर लिया है जिससे नर्गिस की हत्या की गई थी। थानाध्यक्ष मक्खनपुर का कहना है कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।