रविवार को पुलिस-फोर्स ने दो संदिग्धों की तलाश में फीरोजाबाद और टूंडला रेलवे स्टेशनों पर मुरी एक्सप्रेस में चेकिंग की। एक संदिग्ध के नाम का युवक पुलिस को टूंडला रेलवे स्टेशन पर मिला और पुलिस उसे अपने साथ थाने पर ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। चेकिंग के चलते करीब आधा घंटा ट्रेन लेट हुई। इससे पहले अन्य ट्रेनों में भी रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग की गई।
रविवार सायं करीब छह बजे रेलवे पुलिस व जिला प्रशासन को आईबी का एक अलर्ट मिला था, जिसमें बताया गया था कि फीरोजाबाद या टूंडला रेलवे स्टेशन से मुश्ताक नाम का एक संदिग्ध अपने साथी के साथ ट्रेन में चढ़ने वाला है। ये दोनों पठानकोट व अमृतसर के लिए ट्रेन में चढे़ंगे। सूचना से समूचे रेल प्रशासन व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक उदय शंकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स लेकर फीरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए और चेकिंग की। वहीं, टूंडला में थाना पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल व खुफिया विभाग ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने मुरी एक्सप्रेस से पूर्व आने-जाने वाली ट्रेनों व स्टेशनों पर खड़े यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान टूंडला स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी ब्रजमोहन सिंह ने मुश्ताक नामक एक युवक को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने स्वयं को इटावा का रहने वाला बताया और कहा कि वह तो सियालदाह एक्सप्रेस से अजमेर शरीफ जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। बाद में रात्रि आठ बजे फीरोजाबाद से ट्रेन टूंडला स्टेशन पर पहुंची और पुलिस ने संदिग्ध की तलाश में चेकिंग की।
संदिग्ध के तार पठानकोट की आतंकी घटना से तो नहीं जुड़े
टूंडला। जिस मुश्ताक को पुलिस तलाश कर रही है। वह आर्मी का बताया जा रहा है और उसकी भूमिका को पठानकोट की आतंकी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मुश्ताक नामक संदिग्ध के साथी को अमृतसर तक जाना था और उसे पुलिस ने ट्रेस कर लिया था। इस संदिग्ध की तलाश में स्टेशन पर सिविल पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ के अलावा खुफिया विभाग की मौजूदगी इस बात को पुख्ता भी कर रही है। हालांकि पुलिस इन दोनों को ट्रेन में तलाश नहीं कर पाई है।
अलर्ट के मुताबिक संदिग्ध युवक की तलाश की गई, किंतु कोई संदिग्ध नहीं मिला है। अलर्ट में कहा गया था कि पठानकोट जाने के लिए संदिग्ध युवक अपने साथी के साथ फीरोजाबाद या टूंडला से मुरी एक्सप्रेस में चढ़ेगा। इस सूचना पर सिविल पुलिस के साथ संदिग्ध की तलाश की गयी। एक यात्री से पूछताछ की जा रही है, जो इटावा का रहने वाला है, लेकिन वह अजमेर शरीफ जा रहा है।
ब्रजमोहन सिंह
इंस्पेक्टर, जीआरपी, टूंडला