फिरोजाबाद। सांसद डा. चंद्रसेन जादौन की अध्यक्षता में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आहूत की गई। कलक्ट्रेट सभागार में आहूत बैठक में अब तक कराए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सफाई व्यवस्था पर सवाल खडे़ किए गए। इस दौरान सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग किए जाने की शिकायतों को लेकर डीएम ने डीपीआरओ को संबंधित जेई और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजनांतर्गत संचालित विशेष सफाई अभियान की स्थिति पर जन प्रतिनिधियों ने रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाली-नालों और आंतरिक गलियों में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक है। सामुदायिक और व्यक्तिगत लाभार्थियों के निर्माणाधीन शौचालयों में घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायतें आम है।
बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए डीपीआरओ को मौके का निरीक्षण करने एवं जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अमोल यादव, विधायक डॉ. मुकेश वर्मा, नगर आयुक्त विजय कुमार, सीडीओ नेहा जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एमएलसी ने उठाई सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या
बैठक में एमएलसी डॉ. दिलीप यादव ने शिकोहाबाद में एटा चौराहा से मैनपुरी चौराहा तक एनएएचआई द्वारा निर्मित सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या को उठाया। एनएचएआई के अभियंता ने नगर पालिका शिकोहाबाद की शिथिलता की ओर ध्यान इंगित किया। डीएम और अन्य जन प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताते हुए एनएचएआई अफसरों को ही समस्या निदान के लिए निर्देशित किया।
कांशीराम आवास योजना के क्रियान्वयन की होगी जांच
बैठक में कांशीराम आवास योजना में अपात्रों को लाभार्थी सूची में शामिल किए जाने का मुद्दा भी उठा। डीएम योजना की लाभार्थी सूची का सत्यापन कराने और अपात्रों को सूची से पृथक कर पात्र लोगों को शामिल करने के निर्देश दिए।
वर्षाकाल के बाद शुरू होगी सड़कों की मरम्मत
जनप्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवाल पर एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने बताया कि जिले में 13 नई सड़कों को स्वीकृति के लिए शासन को फाइल भेजी गई हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 19 पुरानी सड़कों के अनुरक्षण के लिए जरूरी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्षाकाल के बाद सड़क अनुरक्षण कार्य शुरू कराया जाएगा।