फिरोजाबाद। विद्युत टावर पर चढ़कर युवती पर शादी का दबाव बनाने वाले युवक के खिलाफ मटसेना थाना पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चनौरा निवासी विकास मटसेना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती से शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती विकास के साथ शादी करने के लिए इच्छुक नहीं थी और न ही परिजन विकास से युवती की शादी कराने के लिए तैयार थे। जिसके चलते युवक बृहस्पतिवार रात मटसेना थाना क्षेत्र के गांव कनेटा के समीप विद्युत टावर पर चढ़ गया था।
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मटसेना थाना पुलिस के साथ काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। युवक को उतारने का प्रयास किया। टावर पर बैठे युवक का कहना था कि जब तक वह नीचे नहीं उतरेगा जब तक युवती उससे शादी के लिए हां नहीं बोलेगी। इस पर पुलिस ने युवती और उसके परिजन को मौके पर बुला लिया था।
युवती द्वारा शादी के लिए आठ बार हां कहने के बाद युवक टावर से नीचे उतार आया। पुलिस युवक को थाने ले गई। थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय का कहना है कि युवक के खिलाफ युवती के पिता ने तहरीर दी है। जिसमेें युवती को परेशान करने और उसका पीछा किए जाने का आरोप युवक पर लगाया है। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।