सुहाग नगर स्थित पार्क में चल रहे मंदिर के निर्माण कार्य को रुकवाती नगर निगम की टीम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। आवास विकास कॉलोनी के सुहाग नगर पार्क में क्षेत्र के लोगों द्वारा मंदिर निर्माण का मामला रविवार को तूल पकड़ गया। निर्माण रोकने पहुंची नगर निगम की टीम का लोगों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मंदिर का निर्माण रुकवा दिया। नगर निगम के मुताबिक मंदिर का निर्माण अनाधिकृत रूप से किया जा रहा है। जेई की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सुहागनगर स्थित पार्क का नगर निगम सौंदर्यीकरण करा रहा है। पिछले दिनों कुछ लोगों ने रातों रात पार्क के अंदर चबूतरा बनाकर उस पर शिवलिंग की स्थापना कर दी थी। नगर निगम अधिकारियों ने तब निर्माण रुकवा दिया था। कार्यदायी संस्था ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तब मामला शांत हो गया था। रविवार सुबह यह मामला फिर गरमा गया। रविवार को लोग अस्थाई रूप से बनाए मंदिर के चबूतरे के चारों ओर बाउंड्री बना रहे थे। जानकारी हुई तो नगर निगम के जेई प्रवीन कुमार टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन मौजूद लोग इसका विरोध करने लगे। थोड़ी देर बाद पुलिस व नगर आयुक्त विजय कुमार को भी अवगत करा दिया। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
सांसद से की थी शिकायत
कॉलोनी के लोगों ने पूर्व में नगर निगम द्वारा मंदिर निर्माण रोकने पर सांसद डॉ. चंद्रसेन जादौन को पत्र लिखा था और उनसे मिले भी थे। सांसद से मंदिर निर्माण की अनुमति दिलाने की गुहार भी लगाई थी। सांसद ने नगर निगम को पत्र लिख कर क्षेत्र के लोगों की बात पर नियमानुसार गौर करने के लिए कहा था।