शक्ति की भक्ति के महापर्व का आगाज आठ अप्रैल से हो रहा है। मां की आराधना के लिए धाम सज गए हैं। मां के मंदिरों में और घरों में चैत्र नवरात्रि की तैयारी होने पूरी हो गई है। दुकानों पर नेजा, चुनरी सहित पूजा सामग्री सज गई है। किसी ने नौ दिन तक व्रत रखने तो किसी ने प्रथम व अंतिम दिवस व्रत रखने का निर्णय लिया। मंदिरों में मंगला दर्शन के लिए हर रोज हजारों की संख्या में भक्त पहुंचेंगे।
शुक्रवार से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि की तैयारियां जोर शोर से हैं। मां राज राजेश्वरी कैलादेवी भवन प्रांगण को भव्य रूप से सजाने के साथ ही अन्य देवी मंदिरों पर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं। मां वैष्णोदेवी धाम उसायनी पर पूजा अर्चना के साथ देर शाम तक भीड़ उमड़ेगी।
नवरात्रि की धूम शहर से लेकर गांव तक कल से सुनाई देगी। देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। हनुमानगढ़ स्थित मां राज राजेश्वरी कैला देवी के भवन प्रांगण में तड़के चार बजे से लेकर रात्रि दस बजे ही तक श्रद्धालुओं का आने का क्रम दिखाई देगा। मंगला दर्शन करने के लिए शहर की गलियों में तड़के ढाई तीन बजे से श्रद्धालुओं के मंदिर की ओर जाने का क्रम प्रारंभ हो जाता है। दर्शन को महिलाएं, युवतियां बच्चे एवं बुजुर्गवार भी टोलियों के रूप में जाते हैं। मां राज राजेश्वरी कैलादेवी के भवन में तड़के चार से पांच बजे तक मंगला दर्शन एवं छह बजे से पूजा का क्रम प्रारंभ होगा। बड़ी माता मंदिर के साथ चंद्रवार गेट पथवारी माता मंदिर, कोटला मोहल्ला स्थित पथवारी माता मंदिर एवं लेबर कालोनी दुर्गा मंदिर व कोटला रोड स्थित दुर्गा मंदिर, सुहागनगर स्थित माता के मंदिर पर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं।
इधर उसायनी स्थित मां वैष्णोदेवी धाम पर आठ से 15 अप्रैल तक प्रतिदिन हवन पूजन होगा पूर्ण आहुति होगी। तड़के चार से पांच बजे तक मां के मंगला दर्शन होंगे। मां का दरबार हर दिन नए रूप में सजा दिखाई देगा। मंदिर कमेटी की ओर से रंग बिरंगी झालरों से मंदिर भवन को सजाया गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष डा. रमाशंकर सिंह, सुरेश कन्हैयानी, रतनचंद्र वर्मा, मनोज अग्रवाल ने कार्यक्रम को सही ढंग से संचालित करने को पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों के तैनाती की मांग जिला प्रशासन से की है।
सजने लगा कदम बाजार
मां कैलादेवी मंदिर पर भीड़ उमड़ने के कारण कदम बाजार में प्रसाद की दुकानें सजने लगीं हैं। इस दौरान मां की चुनरी, प्रसाद का थाली, नारियल के साथ पेड़ा आदि को मंगाना दुकानदारों ने शुरू कर दिया। हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु मां की चुनरी और भेंट को चढ़ाएंगे।
नेजा की बढ़ गई मांग
चैत्र नवरात्रि के आने के साथ ही बाजारों में नेजा की मांग बढ़ गई है। नेजा 300 रुपये से लेकर 500 रुपये तक में मिल रहा है। शहरी क्षेत्र के बाशिंदे ग्रामीण अंचल से ही नेजा खरीदकर ला रहे हैं। वहीं ग्रामीण अंचल में हरे नेजा को काटकर मां के दरबार में चढ़ाने की तैयारी करने में जुटे हैं।
दंडौती परिक्रमा होगी चुनौती
चैत्र नवरात्रि में भले ही चिल-चिलाती धूप के कारण जमीन झुलसने लगती हो। लेकिन मां के प्रति अपार श्रद्धा होने के कारण दंडौती लगाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस एवं प्रशासन के लिए चुनौती बनेगी। प्रशासन को सप्तमी एवं अष्टमी की शाम को दंडौती के रैला के कारण मार्गों को भी परिवर्तित करना होगा।