शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र माइलस्टोन 57 के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार चला रहे आगरा संजय प्लेस स्थित एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक हर्षित पांडेय, उनकी पत्नी व बेटी की मौत हो गई।
मूल रूप से हरीनगर कुशीनगर निवासी उमेश चंद्र सेना से सेवानिवृत हैं। सेवानिवृत के बाद उन्होंने लखनऊ आलमबाग में मकान बना लिया और वहीं रह रहे हैं। उनका बेटा हर्षित पांडेय आगरा में संजय प्लेस स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात था। बृहस्पतिवार को अपनी कार से पैतृक गांव हरीनगर से आगरा पत्नी ज्योति (32) और बेटी अवन्या (02) के साथ जा रहा था। शुक्रवार सुबह 5 बजे के करीब नसीरपुर क्षेत्र के माइल स्टोन 57 के पास एक वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इससे तीनों घायल हो गए। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेज दिया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नसीरपुर प्रभारी निरीक्षक सीपी सिंह ने बताया कि हादसे में तीनों की मौत हो गई है। रिश्तेदार ने पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।