भारोल बाईपास पर अनियंत्रित होकर पलटा गेस का टेंकर। संवाद
- फोटो : भारोल बाईपास पर अनियंत्रित होकर पलटा गेस का टेंकर। संवाद
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। अरांव थाना क्षेत्र के भारौल बाईपास पर सोमवार रात को मथुरा से बुलंदशहर जा रहा एलपीजी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव नहीं हुआ।
टैंकर मथुरा से एलपीजी गैस लेकर बुलंदशहर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह भारौल बाईपास के पास पहुंचा, अचानक टैंकर की कमानी टूट गई। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अरांव पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने टैंकर के घायल चालक और परिचालक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बारीकी से जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि टैंकर की बॉडी को कोई गंभीर क्षति नहीं हुई है और गैस रिसाव नहीं हो रहा है। खतरे की आशंका न होने पर क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया और उसे गंतव्य की ओर रवाना किया गया। संवाद