चूड़ी व्यापारी को पीटा, 40 हजार रुपये छीने
पीड़ित चूड़ी व्यापारी ने उत्तर थाना पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। नगर के क्लब चौराहे पर चूड़ी व्यापारी को शुक्रवार कुछ लोगों ने पीटा और 40 हजार रुपये छीन लिए। ऐसे व्यापारी का आरोप है। इस मामले में पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला राम नगर निवासी सचिन चूड़ी का व्यापार करते हैं। उसकी हैदराबाद में चूड़ी की दुकान है। वह इन दिनों घर आए हैं। शुक्रवार की रात जलेसर रोड स्थित फिरोजाबाद क्लब में खाना खाने आए थे। उसके साथ और भी लोग थे। चूड़ी व्यापारी के अनुसार, उसने साथियों के साथ खाना भी खाया इसके बाद उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसी बीच आरोपियों ने उसे पीट दिया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने मामले को शांत करा दिया। चूड़ी व्यापारी का कहना है कि हमलावर युवक उसके पास रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी छीन कर ले गए। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। चूड़ी व्यापारी द्वारा तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।