राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी समझौते से निपटे 33,916 वाद
महिलाओं से संबंधी 101 मामले भी हुए निस्तारित, आठ जोड़े विदा किए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला जज संजीव फौजदार की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत में 33916 वादों का निस्तारण हुआ। 12 साल से उत्तराधिकारी के विवाद को लेकर लेबर कॉलोनी संजय नगर निवासी वैभव कुलश्रेष्ठ व गौरव के बीच मामला न्यायालय में चल रहा था। लोक अदालत में यह भी निस्तारित हो गया। पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद में आठ जोड़ों के बीच समझौता कराकर घर भेजा गया।
जिला जज ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन का मकसद आमजन के वादों को प्राथमिकता के आधार पर आपसी सुलह समझौते के माध्यम से निपटाना है। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का वृहद अभियान जिले में चलाया जा रहा है। अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नोडल अधिकारी आजाद सिंह ने कहा विवादों का निपटारा समझौता वार्ता के माध्यम से कराए जाते हैं। जनपद न्यायालय में 4763 वाद, परिवार न्यायालय द्वारा 101 वाद,मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा 50 वादों का निस्तारण करते हुए एक करोड़ 57 लाख 51 हजार आठ सौ धनराशि प्रतिकर के रूप में दी गई। परिवार न्यायालय ने आठ जोड़े एक साथ विदा किए गए। राजस्व न्यायालय की ओर से 12458 वाद,बैंक द्वारा वसूली योग्य 604 वाद निस्तारण को छह करोड़ 86 लाख 75270 रुपये संचालन प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने किया। इस दौरान जूनियर डिवीजन सिविल जज दीक्षा चौधरी,एडीएम अभिषेक कुमार सिंह,एसपी ग्रामीण डा. अखिलेश नारायण मौजूद थे।
वहीं नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज आजाद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में महिलाओं से संबंधी 101 विवादों का निस्तारण किया गया है। खास बात यह रही कि परिवार न्यायालय की ओर से आठ जोड़ों के मध्य चल रहे विवाद खत्म कराकर खुशी-खुशी विदा किया गया।
....
केस नं. एक...
बारह वर्ष बाद हुआ समझौता
-लेबर कालोनी संजय नगर निवासी वैभव कुलश्रेष्ठ एवं गौरव कुलश्रेष्ठ के मध्य 2010 से चल आ रहे उत्तराधिकार संबंधी विवाद का हल शनिवार को आयोजित की गई राष्ट्रीय लोक अदालत में सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने निस्तारित कर दिया। दोनों पक्षों को न्याय मिलने पर उन्होंने इसकी सराहना की है।
केस नं. दो...
सत्रह वर्ष के बाद विजेंद्र एवं नाथूराम के मध्य सुलझा विवाद
-थाना एका क्षेत्र के गांव जेड़ा निवासी विजेंद्र सिंह एवं बरथरा केशपुरा के निवासी नाथूराम के मध्य उत्तराधिकार का विवाद 2005 से चला रहा था। दोनों पक्ष न्यायालय के चक्कर लगा रहे थे। इस वाद का निस्तारण कराने को दोनों पक्ष राष्ट्रीय लोक अदालत में सहमत हो गए। सिविल जज सीनियर डिवीजन मीनाक्षी सिन्हा के द्वारा इस वाद का निस्तारण किया गया।