पशुधन मंत्री ने गोशाला का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने की हिदायत
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, गोशालाओं में लक्ष्य से अधिक गोवंश को किया संरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन एवं अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ हज मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। गोवंश संरक्षण किए जाने पर जोर दिया। संदलपुर गोशाला को भी निरीक्षण किया।
जिले में आने के बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से भेंट करके उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद जिले के विकास कार्यों की विकास भवन सभागार में समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में 8836 के सापेक्ष अभी तक 10487 गोवंश को संरक्षित किया जा चुका है। जिले में ग्रामीण अंचल में 61 एवं शहरी क्षेत्र में नौ आस्थायी एवं स्थायी गोशाला संचालित है। दो कान्हा गोशाला के साथ दो वृहद गोसंरक्षण केंद्र शामिल है। बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत 1161 के सापेक्ष 887 लाभार्थियों को 1385 गोवंश सुपुर्दगी में दे दिए हैं।
उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण के लिए शासन ने प्रति गोवंश 30 से बढ़ाकर 50 रुपये अक्तूबर 2023 से कर दिया है। जिले के अफसरों को गोवंश को सर्दी से बचाव के सभी इंतजाम किए जाएं। इस दौरान एडी पशुपालन विभाग आगरा मंडल को फटकार लगाई। सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम डा. उज्जवल कुमार, पीडी प्रदीप पांडेय, डीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह,सीबीओ डा.प्रमोद कुमार कटियार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।