फिरोजाबाद। सब्जियों के भाव आसमान छूने लगे हैं। हालात यह हो गए हैं कि आलू के साथ-साथ लौकी, भिंडी, तोरई, बैगन और अरबी तक महंगी हो गई। लगातार बढ़ रहे दामों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोरोना काल में आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों के लिए सब्जियों के बढ़ रहे दामों ने परेशान कर दिया है। वर्तमान में तो आलू की कीमत 30 से 35 रुपया प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।
इन दिनों बाजार में टमाटर साठ रुपया प्रति किलोग्राम पहुंच गया। पिछले एक पखवाड़े में भिंडी दस रुपया से बढ़कर 25 रुपया तक पहुंच गई। तोरई 25 से तीस रुपया, बैंगन 30 रुपया एवं लौकी 20 से 25 रुपया प्रति किलोग्राम, अरबी 25 से तीस रुपया, मूली 20 से 25 रुपया, काशीफल (कद्दू) 15 से बीस रुपया, परमल साठ से 80 रुपया, मिर्च सौ रुपया प्रति किलोग्राम तक बिक रही है।
धनियां दो सौ रुपया प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। अदरक जरूर 40 से 50 रुपया प्रति किलोग्राम तक आ गया। आढ़तियां धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि बारिश एवं यमुना की तलहटी में पानी बढ़ने के कारण स्थानीय स्तर पर सब्जियां महंगी हो गई हैं। आलू का भाव शुरूआत से महंगा चल रहा है। मौसम के कुछ नरम होने के बाद ही सब्जियों की कीमतों में कमी आएगी।
कोरोना संक्रमण के कारण बाहर से व्यापारी नहीं आते
फिरोजाबाद। आढ़तिया सुभाष गुप्ता कहते हैं कि कोरोना संक्रमण के चलते बाहर से आलू, प्याज एवं टमाटर आदि को मंगाने के लिए व्यापारी तैयार नहीं होते हैं। इसके कारण सब्जियां मंहगी बिक रहीं हैं। टमाटर यदि बाहर से आने लगे तो काफी हद तक कीमत घट सकती है। पहाड़ी आलू इस बार मार्केट में नहीं आया इसके कारण आलू का भाव बढ़ा है।