दबरई में सिंथेटिक पनीर को नष्ट कराते खाद्य सुरक्षाधिकारी।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोडिंग वाहन में धौलपुर से लाए गए 20 क्विंटल सिंथेटिक पनीर को फिकवाकर नष्ट कराया। साथ ही दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया है। यह पनीर होटल और ढाबों पर सप्लाई किया जाता था।
जनवरी माह में हाईवे स्थित ढाबों से पनीर के नमूने लिए थे। इनकी रिपोर्ट में यह पनीर असुरक्षित पाया गया था। खाद्य सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को एक लोडिंग वाहन को रुकवाया तो उसमें पनीर रखा था। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि पनीर सिंथेटिक था।
पूछताछ करने पर जानकारी हुई वह राजस्थान के धौलपुर की श्यामबाबा डेयरी से आता है। इसे दिनेेश कुमार संचालित करता है। सिंथेटिक पनीर को नष्ट कराने के लिए जिला मुख्यालय पर जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदवाया गया और उसमें पनीर को नष्ट करा दिया। जांच को भेजे गए दो नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
शिकोहाबाद में होता था सप्लाई
यह पनीर ढाबों के अलावा शिकोहाबाद में प्रमुख डेयरियों पर सप्लाई होता था। जिस वाहन में पनीर आ रहा था, उसके स्वामी ने कहा कि पनीर शिकोहाबाद में सप्लाई होता था। ड्राइवर ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। शिकोहाबाद में कृष्णा डेयरी पर छापा मारा, लेकिन वहां पनीर नहीं होने के कारण घी का नमूना लिया है।