पांच स्थानों पर 161.4 करोड़ से बनेेंगे स्थायी कोरोना वार्ड
- प्रत्येक वार्ड होगा 20 पलंग की क्षमता वाला
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण के केस जिले में अब भी मिल रहे हैं। इसे देखते हुए शासन ने जनपद में स्थायी रूप से कोरोना वार्ड बनाने का निर्णय लिया है। यहां 161.4 करोड़ रुपये की लागत से पांच स्थानों पर कोरोना वार्ड का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड की क्षमता 20 पलंग की होगी। जल्द ही कार्यदायी संस्था नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन वार्ड का निर्माण कार्य शुरू करेगी।
अभी तक मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना वार्ड को तैयार किया गया था। अभी कोरोना के गंभीर मरीज नहीं मिल रहे हैं। इसे देखते हुए सौ शैया अस्पताल में कोरोना वार्ड को खत्म कर दिया है। अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना वार्ड को सीमित कर दिया है। मगर, देश व दुनिया में कोरोना की एक के बाद एक लहर आ रही है। कभी भी कोरोना गंभीर रूप धारण कर सकता है। इसे देखते हुए शासन ने 20-20 पलंग के पांच स्थायी वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। यह वार्ड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए जाएंगे। इसके लिए अतिरिक्त हॉल का निर्माण होगा। प्रत्येक कोरोना वार्ड के लिए शासन ने 32.28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। केंद्र सरकार की एजेंसी नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन को वार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। यह कंपनी सर्वे भी पूरा कर चुकी है और जल्द ही वार्ड के निर्माण का कार्य शुरू करेगी।
इन स्थानों को किया गया चिह्नित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज, जाटऊ, दीदामई, खैरगढ़, अरांव को कोरोना के नए वार्ड के लिए चिन्हांकित किया है। यहां पहले से ही वार्ड बने हुए हैं, मगर कोरोना के गंभीर मरीज न होने पर अन्य बीमारियों के मरीज भर्ती किए जा रहे हैं।
- जनपद में पांच स्थानों पर 20-20 पलंग के वार्ड तैयार किए जाएंगे। इसके लिए शासन ने बजट स्वीकृत कर दिया है। उपकरण हमारे पास पहले से है। अब वार्ड के लिए एक हॉल का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही इन हॉल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ