कोरोनारोधी टीका लगवाएं, खुद-परिवार को करें सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कोरोनारोधी टीका लगवाने से आप स्वयं को तो सुरक्षित करेंगे ही, आपका परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा होगी। ऐसा कहना है धर्मगुरुओं का। वे लगातार लोगों को इसके प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि चौथी लहर आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में खुद के साथ ही बच्चों और परिवार के अन्य लोगों को भी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनपद में भी हाल के दिनों में सक्रिय केस बढ़ेे हैं। इसे देखते हुए भी लोग सक्रिय हुए हैं। रोज बड़ी संख्या में लोग केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और टीका लगवा रहे हैं।
- जब बच्चों की वैक्सीन नहीं आई थी तो डर था कि महामारी के बीच हमारे बच्चों के भविष्य का क्या होगा। अब वैक्सीन की दोनों डोज लगने के बाद राहत मिली है। वैक्सीन लगवाने के बाद मुझे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, सभी केंद्र पर जाकर कोरोना का टीका लगवाएं। डर की बात तो अब पुरानी हो चुकी है।
- पंडित मुन्नालाल शास्त्री, महंत
बांके बिहारी मंदिर
---
अब हम डर की स्थिति में नहीं हैं। कोरोनारोधी टीके के लगने के बाद से खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सभी को इस वैक्सीन लगवा लेनी चाहिए। टीका के माध्यम से ही हम और हमारे आस-पास के लोग कोरोना से सुरक्षित रह सकेंगे। टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित है। इसे हमें फायदा ही हो रहा है।
ज्ञानी करनैल सिंह,
गुरुद्वारा स्टेशन रोड
अब 12 से 14 साल तक के बच्चों के टीकाकरण को बढ़ावा देने की मुहिम छेड़ी गई है। कोरोना की वजह से दो साल बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई। ऐसा फिर से न हो इस कारण बच्चों का टीकाकरण जरूरी है। लोगों से यही बात कहना चाहता हूं कि जब से कोरोनारोधी टीका लगा है, तब से इसे लेकर मन में कोई डर नहीं है।
फादर जोसेफ शाहजी, फादर
सेंट जोंस स्कूल एवं चर्च
- कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन बेहद जरूरी है। इससे हम ही नहीं, बल्कि हमारा परिवार भी सुरक्षित होगा। बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए अभिभावक बच्चों को वैक्सीन जरूर लगवाएं। टीकाकरण जब से शुरू हुआ है, तब से हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
मौलाना मोहम्मद शफी कासमी, इमाम
ईदगाह